पिपरिया में 2.50 करोड़ की लागत से बनेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

मिर्जा मल्टीमीडिया कवर्धा
मेघा यादव

कवर्धा, 10 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज पिपरिया में 2 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान शर्मा ने पिपरिया नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष घुरवा राम साहू, उपाध्यक्ष शिव चरण पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर, मुकेश अग्रवाल, कमलकांत नाविक, सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नगर पंचायत पिपरिया वासियों को मिली बड़ी सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत पिपरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण हो जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के पिछले ढाई वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश के साथ-साथ कबीरधाम जिले में भी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय कवर्धा में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से सिटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है। इसके माध्यम से प्रत्येक माह लगभग एक हजार लोगों का सफलतापूर्वक सिटी स्कैन किया जा रहा है। इसके अलावा जिला अस्पताल में एएनएम की नियुक्ति भी की गई है।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक शर्मा ने कहा कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिले एवं पूरे अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगी। कवर्धा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का पहला बैच प्रारंभ हो गया है और वर्तमान में शासकीय मेडिकल कॉलेज में 42 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में सबसे पहले प्रवेश लेने का गौरव सहसपुर लोहारा के श्री हिमांशु देवांगन को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। यह प्रदेश में सबसे तेजी से निर्मित होने वाले मेडिकल कॉलेज भवनों में शामिल होगा। मेडिकल कॉलेज के पूर्ण रूप से प्रारंभ होने के बाद जिलेवासियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
नगर में लगभग 3 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पिपरिया नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इन कार्यों में 9.88 लाख रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 15 में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के पास स्थित चैक का सौंदर्यीकरण, 9.33 लाख रुपए की लागत से पैठू तालाब के पास गौरैया चैक निर्माण तथा 9.57 लाख रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 14 में प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास घड़ी चैक निर्माण कार्य शामिल हैं। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 2 में 14.33 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन एवं इंटरलॉकिंग कार्य तथा 9.33 लाख रुपए की लागत से वाचनालय भवन निर्माण एवं पुस्तकों की खरीदी सहित अन्य विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री श नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के रूप में सफलतापूर्वक 25 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्र एवं समाज के नव निर्माण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उप मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना के लिए सभी शासकीय कार्यालयों, संस्थानों तथा अपने-अपने घरों में दीया जलाएं और सेवा एवं संकल्प के इस अभियान में सहभागी बनें।
12 सितंबर को तरेगांव जंगल में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का होगा भूमिपूजन
कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि शनिवार 12 सितंबर को तरेगांव जंगल में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन निर्माण का भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने पिपरिया क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान हुए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्राम खाम्ही के दिव्यांग विद्यार्थी श्री शुभम यादव को स्कूटी प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिले और वे आत्मनिर्भर बनें, इसके लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।






